ऊना: हिमाचल प्रदेश में दो विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव में जीत से गदगद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कांग्रेस को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार की नसीहत दी है। वहीँ सत्ती ने धर्मशाला में कांग्रेस की हार को ऐतिहासिक करार दिया है। सत्ती ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम से पहले ही कांग्रेसियों ने बहाने ढूंढने शुरू कर दिए थे। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ के मुखिया है। वहीँ बागियों की वापिसी पर सत्ती ने साफ़ किया कि उनकी वापिसी पर सामूहिक फैसले के बाद ही कोई निर्णय लिया जायेगा।
उपचुनावों में जीत के बाद ऊना में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि धर्मशाला में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार हुई है क्योंकि कांग्रेस का उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहा है। सत्ती ने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस का जो हश्र हुआ है यह कांग्रेस को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार के लिए रेड सिग्नल है। सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार के शेष तीन सालों में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरकर भाजपा 2022 में दोबारा प्रदेश में सरकार बनाएगी। सत्ती ने उपचुनाव लड़ने वाले बागियों को पार्टी में लेने के सवाल पर कहा कि उन्हें पार्टी से बाहर करना सामूहिक निर्णय था और पार्टी में दोबारा वापिसी का निर्णय भी सामूहिक सहमति के बाद होगा।
वहीँ कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के आरोपों पर पलटवार करते हुए सत्ती ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के परिणाम से पहले ही बहाने ढूंढने शुरू कर दिए थे। अगर कांग्रेस के आरोपों में सच्चाई होती तो वो चुनाव आयोग को शिकायत करते। वहीँ सत्ती ने कांग्रेस के नेताओं को झूठ के मुखिया भी करार दिया है।