कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर द्वारा भाजपा के दो साल पूरे होने पर मनाये जाने वाले जश्न पर की टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने पलटवार किया है। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पिछले कुछ समय से सुर्ख़ियों में रहने के लिए बिना मतलब की टिप्पणियां कर रहे है। सत्ती ने कहा कांग्रेस लोकसभा चुनाव और विधानसभा के उपचुनाव में हुई करारी हार पर मातम मनाये। वहीँ पत्र बम मामले में पूर्व मंत्री रविंद्र रवि का नाम सामने आने के बाद सत्ती ने साफ़ कर दिया है कि उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है और जो भी इस मामले में दोषी पाया जायेगा संगठन उसमें कार्रवाई करेगा। वहीँ सत्ती ने कहा कि पहले भी भाजपा सरकारों में अपने ही लोग सरकार को बदनाम करने का काम करते रहे है लेकिन अब ऐसे लोगों के खिलाफ आर-पार की कार्रवाई होगी।
जयराम सरकार द्वारा दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाने की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस भाजपा सरकार को घेरने में जुटी है वहीँ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के ब्यान पर तीखा हमला बोला है। सत्ती ने कहा कि कुलदीप राठौर किसी न किसी तरह का बयान देकर अखबारों की सुर्खियां बटौरने में लगे हुए हैं। सत्ती ने कहा कि मातम वो मनाए, जिनकी धर्मशाला में जमानत जब्त हुई है। मातम वो मनाएं, जिनके चारों एमपी चार-चार लाख वोटों से हारे हैं। हम तो पूरे देश के अंदर मोदी के नेतृत्व में अच्छी सरकार चला रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के अंदर जयराम ठाकुर के नेतृत्व में अच्छी सरकार चल रही है। दो वर्ष पूरे हो रहे है, हम उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएंगे। कोई जश्न बिना काम किए हुए नहीं मना रहे हैं। सत्ती ने कहा कि कुशासन तो कांग्रेस के समय था। कुलदीप राठौर उस समय राजनीति में थे नहीं। वीरभद्र सिंह राठौर को कुछ मानते नहीं थे। उस समय कुलदीप राठौर वकालत करते थे। समय बदलने के नाते अध्यक्ष बने है, तो ऐसे में कोई न कोई प्रतिक्रिया देकर हंसी के पात्र भी बनते हैं।