चंबा के चंपा फूल के अस्तित्व को बचाने की कवायद
चंबा : चंबा के नामकरण के साथ जुड़े चंपा फूल के अस्तित्व को बचाने के लिए शुरू किया गया अभियान अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच गया है। चम्बा डिस्कवर मंच, नॉट ऑन मैप और भूरी सिंह संग्रहालय के संयुक्त प्रयासों से चलाए गए इस अभियान के तहत वीरवार को कई स्थानों पर पुष्प रोपण किया गया। इस दौरान सबसे पहले पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका की अगुवाई में पुलिस लाइन बारगाह में चंपा फूल के पौधे रोपे गए। इस दौरान वेद पाठशाला चमीणु के आचार्यों व बच्चों ने मंत्रोच्चारण भी किया। इसके बाद डीएफओ निशांत मंढोत्रा की अगुवाई में वन मंडल कार्यालय परिसर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता जीत सिंह ठाकुर और नेश्नल हाइवे के अधिशाषी अभियंता राजेंद्र शेखरी की अगुवाई में विभिन्न स्थानों पर चंपा के पौधे रोपे गए।