मुख्यमंत्री के लिए आई 23 लाख की इलेक्ट्रिक कार
परिवहन निगम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कर रहा है उपहार स्वरूप भेंट
शिमला : प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और ईको ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की कड़ी में अब मुख्यमंत्री के लिए भी 23 लाख की इलेक्ट्रिक कार आ गई है। इसे हिमाचल परिवहन निगम ने मंगवाया है, जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा। यह इलेक्ट्रिक विधानसभा परिसर मे पहुंच गई है और यदि सीएम को पसंद आई तो परिवहन निगम उन्हें इसे गिफ्ट कर देगा।
बता दें कि परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने प्रदूषण रहित इस इलेक्ट्रिक कार को मुख्यमंत्री को गिफ़्ट देने की घोषणा सदन में की थी। इसके पीछे उददेश्य यही है कि हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक कारों को बढ़ावा दिया जा सके। जानकारी के मुताबिक हुंडई कंपनी की यह कार एक बार चार्ज करने पर 452 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। यदि इसे घर मे चार्ज करना हो तो इसके लिए छह घंटे का समय लगेगा, जबकि इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन पर इसे महज 57 मिनट में चार्ज किया जा सकेगा। बात यदि खपत की करें तो इस कार को सड़क पर दौड़ाने की कीमत 30 पैसे प्रति घंटा बैठेगी, जिस लिहाज से यह श्रेष्ठ है। अब यदि परिवहन निगम का यह प्रयास सफल रहा तो हो सकता है कि आने वाले समय में प्रदेश के अंदर और इलेक्ट्रिक कारें भी दौड़ती नजर आएं।